देहरादून के लिए खास
- दो फर्मों से वेस्ट पेपर खरीद कर धोखाधड़ी की थी, 25 लाख बरामद
- पांच मोबाइल, नौ सिम व फर्जी फर्म के दस्तावेज बरामद किए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। देहरादून निवासी एक शातिर युवक ने फर्जी फर्म बनाकर कर दो फर्मों से 27 लाख का वेस्ट पेपर खरीद कर धोखाधड़ी की। मंडी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर 25 लाख नगद, पांच मोबाइल, नौ सिम व फर्जी फर्म के दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी का पुलिस ने चालान कर दिया है।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि हैदराबाद की सीता रामपुरम काॅलोनी निवासी चंदन पांडेय ने 15 सितंबर को नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था कि नजीबाबाद की रामा पेपर मिल के मालिक प्रमोद अग्रवाल के नाम से एक व्यक्ति ने उनसे वेस्ट पेपर की डील की। पेपर को भोपा रोड पर स्थित पेपर मिल में उतरवाया था। माल उतरवाने के बाद उन्हें दस लाख की फर्जी रसीद व्हाट्सएप पर भेजी थी। जलगांव की श्री ट्रेडर्स कंपनी से भी वेस्ट इसी तरह वेस्ट पेपर मंगाया गया। दोनों फर्मों से 27 लाख का 14 गाड़ी माल मंगा कर धोखाधड़ी की गई। पैसा मांगने पर धमकी दी थी।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। बुधवार को एक सूचना के आधार पर गांव चांदपुर के रजबहे की पुलिया के पास से देहरादून के थाना पटेल नगर की मदीना काॅलोनी निवासी खालिद को पकड़ा। उससे पांच मोबाइल व फर्जी आइडी पर नौ सिम मिले। उसकी निशानदेही पर 25 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
फर्जी नाम पर लिए सिम, दूसरों के नाम पर खुलवाए खाते
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार खालिद बेहद शातिर व्यक्ति है। उसने सभी सिम फर्जी आइडी पर लिए थे। वह फर्जी फर्म का मालिक बनकर बात करता था। उसने विभिन्न बैंकों में दूसरों के नाम से खाते खुलवाए थे। इन खातों में धोखाधड़ी कर एकत्र की रकम जमा करवाता था और इन खातों का एटीएम अपने पास रखता था और रकम निकाल लेता था।
पहले करता था रद्दी सप्लाई
एसपी सिटी ने बताया कि खालिद पहले पेपर मिल में रद्दी की सप्लाई करता था। बाद में वह खुद सप्लायर बन गया और धोखाधड़ी करने लगा। वह नेट से फैक्टरी मालिकों के नंबर तलाश कर बात करता था। उसके खिलाफ मुरादाबाद, बरेली व देहरादून में मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से धोखाधड़ी की रकम से खरीदी एक महंगी बाइक, पांच मोबाइल, नौ सिम व फर्जी फर्म के फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।