भोपा/मोरना। कसबा भोकरहेड़ी में पशु बेचने को लेकर हुए विवाद में किसान ब्रजवीर ने अपने इकलौते बेटे रोबिन उर्फ जोनी सहरावत (42) की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव कर रही पुत्रवधू रविता भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी को घर से ही गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सुभाष चौक निवासी ब्रजवीर का अपने इकलौते बेटे से संपत्ति को लेकर विवाद चल है। ब्रजवीर द्वारा पशु बेचने का रोबिन विरोध कर रहा था। इसी को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार की सुबह 11 बजे गाली-गलौज होने पर ब्रजवीर कमरे से लाइसेंसी दोनाली बंदूक उठा लाया। पहले हवाई फायर किया और दूसरी गोली बेटे पर चला दी। पति के पास ही खड़ी रविता के हाथ में लगने के बाद गोली रोबिन के पेट में जा लगी।
शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग जमा हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा ले गए, जहां से रोबिन को रेफर कर दिया गया। जिला मुख्यालय पर एक निजी अस्पताल में रोबिन की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को घर से ही पकड़कर बंदूक और कारतूस बरामद किए।
घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी संजय वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। 15 वर्षीय पौत्र आर्कश की तहरीर पर दादा ब्रजवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपी बोला...बेटे ने हमला किया, मैंने उसको मार दिया
मोरना। हत्या के बाद आरोपी ब्रजवीर कंधे पर कारतूस की पेटी और हाथ में बंदूक लेकर घर के बाहर चौराहे पर आया। यहां लोगों को बताया कि बेटे ने मुझ पर हमला किया और मैंने उसको मार डाला। यह कहने के बाद वह कुछ देर बाद ही वापस घर पहुंचा। कमरे में बंदूक रखकर बाहर कुर्सी पर बैठ गया। पुलिस ने आरोपी को घर से ही गिरफ्तार कर बंदूक, कारतूस बरामद कर लिए।
मृतक रोबिन
मृतक रोबिन
मृतक रोबिन