कूड़ाघर हटवाने को राज्यमंत्री का किया घेराव
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला रामलीला टिल्ला पर लंबे समय से मेन रोड पर स्थित कूड़ाघर से पूरी सड़क पर फैलने वाली गंदगी से परेशान लोगों ने बुधवार को राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल का घेराव कर कूड़ाघर हटवाने की मांग की। राज्यमंत्री ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शहर के मोहल्ला रामलीला टिल्ला मेन रोड पर नगरपालिका का कूड़ाघर स्थित है। इस कूड़ाघर की बाउंड्र्ी नहीं की गई है, जिससे सारा कूड़ा व गंदगी दिन भर पूरी सड़क पर फैली रहती है। इस पर जानवरों के विचरने से स्थिति बेहद नारकीय हो जाती है। बुधवार सुबह राज्यमंत्री कौशल विकास कपिलदेव अग्रवाल रामलीला टिल्ला पर भ्रमण करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कूड़ाघर से फैलने वाली गंदगी से परेशान लोगों ने उन्हें घेर लिया और भारी गंदगी का हवाला देते हुए कूड़ाघर को यहां से हटवाने की मांग की। लोगों ने राज्यमंत्री से कूड़ाघर को यहां से अन्यत्र स्थानांतरित कराए जाने की मांग की। जिस पर राज्यमंत्री ने आला अफसरों से वार्ता कर समस्या का जल्द समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया। सुशील शर्मा, कुल्लन देवी, चमन वाल्मीकि, विकास जौहरी, डॉ संजीव सैनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।