भगत सिहं रोड पर ईद की खरीददारी करती लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नए नियमों के तहत सुबह दस से चार बजे तक खुला बाजार
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन-4 के तहत जनपद में रविवार को पहली बार नए नियमों के तहत सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक बाजार खोला गया। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने सुबह छह बजे ही दुकानें खोल लीं, जिन्हें पुलिस ने हड़काते हुए दुकानें बंद करा दीं। शाम चार बजते ही दुकानें बंद करा दी गईं, जिसके बाद शहर में सन्नाटा पसर गया।
वैश्विक व लाइलाज महामारी कोरोना वायरस के चलते लागू लॉकडाउन के चौथे चरण में रविवार को प्रशासन ने नए नियमों के तहत दुकानें खोलने की अनुमति दी। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक दुकानें खुलने का रविवार को पहला दिन था, जिसके अनभिज्ञ रहने के कारण व्यापारियों ने सुबह छह बजे से ही दुकानें खोल लीं। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शहर में घूमकर व्यापारियों को दस बजे से दुकान खोले जाने की अनुमति होना बताते हुए दुकानें बंद करा दीं। आलू मंडी व लोहिया बाजार के साथ ही भगतसिंह रोड पर भी पुलिस को लाठियां तक फटकारनी पड़ीं। इसके बाद सुबह दस बजे से बाजार खुला तो भीड़ बाजार में नजर आई, लेकिन खरीदारी करने वाले लोगों की तादाद काफी कम रही। लोगों ने जरूरत के सामान की ही खरीदारी की। शाम चार बजते ही पुलिस ने मार्केट को बंद करा दिया, जिसके बाद शहर में सन्नाटा पसर गया।