पूर्व प्रधान ने दी इंस्पेक्टर को धमकी
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। गांव न्याजू के पूर्व प्रधान द्वारा मारपीट के एक मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर इंस्पेक्टर चरथावल को ही धमकी दे डाली। शनिवार को धमकी का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव न्यामू के पूर्व प्रधान लियाकत पक्ष का दो मई को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद चुनाव में विजयी रहे पक्ष से विवाद हो गया था। मामले में पुलिस ने लियाकत पक्ष को थाने में बैठा लिया था। आरोप है कि इस मामले में पूर्व प्रधान ने इंस्पेक्टर एमपी सिंह को कॉल कर बदसलूकी करते हुए उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। हालांकि पुलिस ने उसके खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की थी, लेकिन पांच दिन पूर्व लियाकत पक्ष का दूसरे पक्ष से विवाद हो गया था। इसमें पुलिस ने लियाकत समेत उसके पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।
शनिवार को लियाकत द्वारा गत दो मई को इंस्पेक्टर एमपी सिंह को दी गई धमकी का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। धमकी भरा ऑडियो वायरल होते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस की कई टीमें आरोपी पूर्व प्रधान की तलाश में लगाई गईं हैं। मामले में इंस्पेक्टर एमपी सिंह का कहना है कि पूर्व प्रधान के खिलाफ गुंडा एक्ट के साथ ही उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जा चुकी है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है।