किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना पर पांच से दस मिनट में पहुंचेगा फोर्स
मुजफ्फरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में सोमवार को सुबह सात बजे से गांव व जिला पंचायत की सरकार चुने जाने के लिए मतदान शुरू होगा। मतदान के लिए अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था करते हुए जिले को सुपर जोन, जोन, सेक्टर व कलस्टर में बांटकर पुलिस बल के साथ ही पीएसी व पैरामिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की गई है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि मतदान के लिए जिले को पांच सुपर जोन, 24 जोन, 118 सेक्टर व 136 कलस्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। छह जिलों से आए 12 हजार पुलिसकर्मियों के साथ ही पांच कंपनी पीएसी व दो कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स को भी जिले में तैनात किया गया है। आपात सुरक्षा के लिए दो सौ कलस्टर मोबाइल व 150 सेक्टर मोबाइल भी लगातार भ्रमणशील रहेंगे। एसएसपी ने बताया कि सभी एडिशनल एसपी, सीओ व थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना आती है तो बमुश्किल पांच से दस मिनट के अंदर फोर्स वहां पहुंच जाए, इस तरह की भी व्यवस्था की गई है।
भरोसा बढ़ाने के लिए फ्लैग मार्च
मुजफ्फरनगर। पंचायत चुनाव के मतदान के मद्देनजर अफसरों ने रविवार को भी देहात क्षेत्र में भारी फोर्स के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान सभी प्रत्याशियों के साथ ही उनके समर्थकों को भी नियम-कायदों में रहने के निर्देश देते हुए किसी भी तरह की गड़बड़ी करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एसएसपी अभिषेक यादव ने कहा कि यदि कोई भी बिना वजह सड़क पर घूमता मिला, तो उसे हिरासत में लेकर तत्काल संबंधित थाने भेज दिया जाएगा।