मुजफ्फरनगर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए केंद्रों की फाइनल सूची 30 दिसंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद परीक्षा केंद्रों में कोई बदलाव नहीं होगा। जिला स्तरीय समिति की ओर से आपत्ति निस्तारण के बाद बोर्ड को भेजी गई 72 विद्यालयों की सूची आज पोर्टल पर अपलोड होने की संभावना है। इसके बाद पुन: आपत्तियों पर विचार करने के बाद फाइनल केंद्र सूची बोर्ड की ओर से जारी की जाएगी।
परीक्षा प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय समिति ने मानकों पर खरे नहीं उतर रहे 21 केंद्रों को प्रस्तावित परीक्षा केंद्र सूची से हटा दिया था। उनकी जगह 16 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने के लिए शासन को सूची भेजी गई। इसमें मुजफ्फरनगर का चौधरी छोटूराम इंटर कालेज और पुरकाजी का राजकीय इंटर कालेज समेत 14 अन्य विद्यालयों के नाम हुए सूची में शामिल किए हैं। जिला स्तर से बोर्ड को भेजी गई 72 केंद्रों की सूची पर बोर्ड के विचार विमर्श के बाद प्रोविजनल लिस्ट जारी होगी। इस पर 22 दिसंबर तक आपत्तियों का समय दिया जाएगा। बोर्ड की ओर से 30 दिसंबर को फाइनल परीक्षा केंद्र सूची जारी होने के बाद कोई बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।