ईद-उल-जुहा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस-प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच ईदगाह पर अकीदतमंदों ने बकरीद की नमाज अदा की। एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी गई। जिले भर की मस्जिदों में भी बकरीद की नमाज अदा की गई।
मंगलवार को शामली रोड स्थित ईदगाह पर सुबह आठ बजे बकरीद की नमाज अदा की गई। शाही इमाम मौलाना जाकिर ने अकीदतमंदों को नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि त्योहार इंसानियत और नेक नियति का पैगाम देते हैं। भाईचारा सबसे बड़ी चीज है। डीएम डीके सिंह और एसएसपी दीपक कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा प्रशासन की ओर से लोगों को त्योहार की मुबारकबाद दी।
व्यवस्थाओं के लिए बनाए गए कैंप कार्यालय में डीएम, एसएसपी के अलावा एसपी यातायात विनोद पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह, सीओ सिटी डॉ. तेजवीर सिंह, पालिका ईओ अजीत सिंह, शहर काजी जहीर आलम, मुफ्ती जुल्फिकार, अंसार आढ़ती, गौहर सिद्दीकी और कुल्लन देवी आदि ने नमाज के लिए पहुंचे लोगों को मुबारकबाद दी। नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म अदा की गई।
मस्जिदों में अदा की गई नमाज
शहर में ईदगाह के अलावा मस्जिद हौजवाली, मस्जिद पीर वाली मल्हुपुरा, मस्जिद लियाकतपुरा लद्दावाला, मस्जिद फक्करशाह, मस्जिद हौज वाली, मस्जिद नुमाइश कैंप और मस्जिद पुजाये वाली रहमतनगर में भी ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई।