रोडरेज या प्रेम-प्रसंग की लाइन पर है पुलिस की नजर
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-दून हाईवे पर छपार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक की हत्या को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। मौके से युवक का मोबाइल न मिलना भी संदेह उत्पन्न कर रहा है। हर ओर से खाली हाथ चल रही पुलिस रोडरेज या प्रेम-प्रसंग की आशंका पर भी नजर बनाए हुए है, हालांकि युवक के परिजन व दोस्त प्रेम प्रसंग से नकार रहे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खादरवाला निवासी डॉ अजय गोयल के इकलौते बेटे अर्पित गोयल की दिल्ली-दून हाईवे पर दिनदहाड़े दुस्साहसिक तरीके से गोलियों से भूनकर की गई हत्या ने पुलिस को बुरी तरह उलझाकर रख दिया है। जिस तरह युवक की निर्ममता से हत्या की गई, उससे प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस की नजरें रोडरेज, रंजिश या फिर प्रेम-प्रसंग की आशंका पर टिकी हुईं हैं। पुलिस का मानना है कि दिनदहाड़े चार गोलियां मारकर की गई हत्या के पीछे बड़ी वजह हो सकती है। हालांकि, युवक के परिजनों के साथ ही उसके दोस्त और यहां तक कि युवक को ट्यूशन देने वाली उसकी शिक्षिका भी प्रेम प्रसंग या रंजिश के बिंदु को सिरे से खारिज कर रहे हैं। परिचितों की मानें तो अर्पित बेहद मिलनसार और अपने काम से काम रखने वाला युवक था। ऐसे में प्रथम दृष्टया जांच के तीनों बिंदु ही सिरे से खारिज होने के कारण पुलिस हत्या के इस मकड़जाल में उलझकर रह गई है। पुलिस का मानना है कि अब केवल युवक का मोबाइल ही इस सनसनीखेज हत्या को खोलने में पुलिस की मदद कर सकता है, जिसे बरामद करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
खंगाले जा रहे हाईवे के सीसीटीवी कैमरे
दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में खाली हाथ खड़ी पुलिस अब वारदात के खुलासे के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गई है। छपार टोल प्लाजा के साथ ही बसेड़ा और बरला में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। वहीं एक टीम अर्पित के फोन की सीडीआर भी हासिल करने में लग गई है। ताकि अर्पित की किस-किस से बात हुई, ऐसे तमाम बिंदुओं को जोड़कर घटना के खुलासे की तह तक जाया जा सके। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय का कहना है कि विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।