मुजफ्फरनगर। ऊर्जा निगम की ओर से चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा के लिए अब फोर्स तैनात रहेगी। आला पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर ऊर्जा निगम ने अभियान के दौरान आवश्यक पुलिस बल तैनात किये जाने की मांग की है।
ऊर्जा निगम की ओर से दो माह के लिए सुरक्षा और अनुरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लाइन लॉस कम करने के लिए बिजली चोरी वाले क्षेत्रों में चेकिंग भी की जा रही है जबकि स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी चल रहा है। खतौली में बिजली कर्मियों के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद ऊर्जा निगम अधिकारियों ने एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत से मुलाकात कर चेकिंग के दौरान आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की मांग की है। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव ने बताया कि अधिकारियों की ओर से पुलिस बल तैनात किये जाने का आश्वासन मिला है। बताया कि बृहस्पतिवार को शहर के खालापार, मल्हुपुरा, जसवंत पुरी आदि क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान निगम कर्मियों ने 120 घरों पर स्मार्ट मीटर भी लगाए।झ