ठंड एवं शीत लहर में कपडों में जाती महिला एंव युवती।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। बृहस्पतिवार को धूप खिलने के बावजूद ठंड का असर बरकरार रहा। शाम होते ही शीतलहर चलने से ठिठुरन फिर बढ़ गई। न्यूनतम तापमान 4.3 और अधिकतम 21.2 डिग्री रहा। सर्दी के असर को देखते हुए जिले में कक्षा-8 तक सभी स्कूलों में पांच जनवरी तक का अवकाश घोषित कर दिया है।
बीते तीन दिनों से रोजाना धूप निकलने के बावजूद गलन भरी सर्दी का असर बना हुआ है। बुधवार को जनपद में इस सीजन का सबसे कम 0.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया था। बृहस्पतिवार सुबह से ही अच्छी धूप निकली, लेकिन हवा चलने से ठंडक बनी रही। सर्दी से परेशान लोगों ने खुले में बैठकर धूप का आनंद लिया, लेकिन ठंडी हवा चलती रही। गलन भरी सर्दी से धूप में बैठकर तो राहत मिली, लेकिन शाम होते ही मौसम का रुख फिर पलट गया। सूरज छिपने के साथ ही सर्दी का असर बढ़ गया। मौसम विभाग एक-दो दिन में मौसम खराब होने की संभावना जता रहा है। यदि बारिश हुई ठंड में और इजाफा हो जाएगा। मौसम खराब होने की आशंका तथा सर्दी के असर को देखते हुए जिले में स्कूलों का अवकाश पांच जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। बीएसए राम सागर पति त्रिपाठी ने बताया कि जिले के सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएससी, मदरसों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों समेत कक्षा आठ तक के छात्र-छात्राओं का पांच जनवरी तक अवकाश रहेगा। इस दौरान यदि कोई शिक्षण संस्था खुली पाई गई तो कार्रवाई होगी।
बंदियों को बांटे गए कंबल
मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में बंदियों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कंबल वितरित किए गए। समाजसेवी देवराज पंवार ने कंबल वितरित करते हुए कहा कि मानव सेवा पुण्य का कार्य है। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एमके तनेजा ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और प्रेरित कार्य सामाजिक संस्थाओं द्वारा समय-समय पर करते रहना चाहिए। जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने कहा कि जिला कारागार में निरुद्घ गरीब बंदियों के लिए कड़ाके की इस ठंड में सामाजिक संस्थाओं द्वारा समय-समय पर मदद की जाती रही है। मौके पर जेलर कमलेश सिंह, उप जेलर सुरेंद्र मोहन सिंह, नादिर राना, जुनैद उर्फ मोनू आदि उपस्थित रहे।