ट्यूबवेल के कुएं से बिजली की मोटर को बाहर निकालने उतरे दो युवक दम घुटने से बेहोश हो गए। ग्रामीण जब तक दोनों को कुएं से बाहर निकालते, तब तक एक युवक की मौत हो गई थी। दूसरे को गंभीर नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ अस्पताल रेफर कर दिया।
रतनपुरी के गांव नंगला में सतपाल (35) पुत्र पूरण रविवार शाम को परिजनों के साथ जंगल में अपनी ट्यूबवेल पर गया था। बिजली के मोटर को निकालने के लिए वह गांव के रहने वाले छम्मन पुत्र इकराम को साथ लेकर कुएं में सीढ़ियों से नीचे उतर गया। कुएं के अंदर पहुंचने पर गैस से सतपाल की दम घुटने से मौत हो गई। जबकि छम्मन का दम घुटने लगा तो, वह सीढ़ियों से वापस ऊपर पहुंच गया।
ऊपर पहुंचते ही उसकी हालत बिगड़ गई। पता चलने पर ग्रामीण ट्यूबवेल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बेहोशी की हालत में छम्मन को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने सतपाल के शव को कुएं से बामुश्किल बाहर निकाला। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।