मुजफ्फरनगर। दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का विवाहिता के दफनाए शव को जिलाधिकारी के आदेश पर कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी पति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव निरमानी निवासी शाहिन की शादी वर्ष 2015 में मखियाली निवासी मीरहसन के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की मांग कर विवाहिता का उत्पीड़न शुरू किया था। विवाहिता मांग पूरी नही करा सकी थी। इससे नाराज ससुराल वालों ने 14 फरवरी को उसकी पीटकर हत्या कर दी थी। शव को भी दफना दिया। इस संबंध में मृतका की मां ने तीन दिन पहले एसएसपी कार्यालय पहुंच कर शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने पति व उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मंडी कोतवाली के एसएसआई राजकुमार राणा ने बताया कि शुक्रवार को जिला अधिकारी के आदेश पर महिला के शव को सीओ मंडी व तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस ने आरोपी पति मीर हसन को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।