बारिश से साफ हुई जिले की आबोहवा
मुजफ्फरनगर। बीते कई महीनों से प्रदूषण का दंश झेल रहे जिलेवासियों को अब जाकर राहत मिली है। बारिश के बाद जिले की आबोहवा एकदम साफ हो गई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स भी 75 पर आ गया है। यह ग्रीन सिग्नल है तथा स्वास्थ्य के लिए अच्छा भी। साथ ही तीन माह से खराब पड़ी ऑनलाइन रीडिंग मापने की मशीन भी अब ठीक हो गई है।
अक्तूबर माह से जिले में प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब हो गई थी। एक बार तो प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक हो गया था। इसी दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की भोपा रोड स्थित एसडी कॉलेज में लगी ऑनलाइन मशीन भी खराब हो गई थी। विभाग द्वारा वायु प्रदूषण की मैनुअल रीडिंग ली जा रही थी, जो 300 से ऊपर रहती थी। बीते दो दिन हुई बारिश से आसमान एकदम साफ हो गया है। वातावरण में फैला प्रदूषण गायब हो गया है। बुधवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 75 पर रहा, जबकि एक दिन पहले ही यह 309 पर था। विभाग की ऑनलाइन मशीन शुरू हो जाने से अब प्रदूषण की स्थिति पर फिर से ऑनलाइन निगरानी रखी जाने लगी है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई विपुल कुमार ने बताया कि मशीन ठीक हो गई है तथा सही काम कर रही है।
दिनभर चली बादलों और सूरज की आंख मिचौनी
मुजफ्फरनगर। मंगलवार की रात हुई तेज बारिश के बाद बुधवार को दिन भर बदलों और सूरज के बीच आंखमिचौनी चलती रही। कभी बादल छा जाते तो कभी धूप निकल आती। हालांकि तापमान में इजाफा होने से ठंड में थोड़ी नरमी आई है, लेकिन रात में ठिठुरन बरकरार है। जिले का अधिकतम तापमान 19 डिग्री तथा न्यूनतम 8.8 डिग्री रिकार्ड किया गया जबकि बारिश 6.8 डिग्री रही।