ककरौली में कटर मशीन की सहायता से कार में फंसे बच्चे को निकलता वेल्डिंग मैकेनिक।
- फोटो : KHATAULI
कार की बॉडी काटकर निकाला गया बच्चा
मुजफ्फरनगर, मोरना। कार की अगली सीट पर बैठे छह साल के मासूम द्वारा अचानक हैंडब्रेक लगाने से बेकाबू हुई तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खंभे से जा टकराई। हादसे में कार सवार पूरा परिवार घायल हो गया। अगली सीट पर बैठा बच्चा क्षतिग्रस्त कार में ही फंसा रह गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार की बॉडी को काटकर बच्चे को बाहर निकाला गया।
ककरौली निवासी बिलाल बृहस्पतिवार सुबह पत्नी शहजादी व तीन बच्चों शीबा (7), उमेर (6) व कबीर (3) के साथ कार से खतौली दवा लेने जा रहा था। बड़ा बेटा उमेर कार की अगली सीट पर बैठा था, जबकि शहजादी दोनों अन्य बच्चों के साथ पिछली सीट पर थी। गांव खाईखेड़ा में अगली सीट पर बैठे उमेर ने अचानक हैंडब्रेक खींच दिया, जिससे तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई। जब तक बिलाल कार संभालता, वह सड़क किनारे बिजली के खंभे में जा टकराई। कार की रफ्तार तेज होने से उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मासूम उमेर उसी में फंसा रह गया। हादसा देख पहुंचे ग्रामीणों व परिजनों ने मासूम को कार से निकालने का प्रयास किया, लेकिन मासूम उसमें बुरी तरह से फंसा हुआ था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को कटर मशीन से काटकर घायल बच्चे को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद घायल बच्चे व अन्य परिजनों को जानसठ सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया गया।