मोरना। शुक्रताल के महाशक्ति सिद्धपीठ की संचालिका साध्वी राजनंदेश्वरी से 80 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले से आश्रम में दहशत का आलम है। इस मसले को लेकर हुई आश्रम में पंचायत में साधु-संतों ने आश्रम की सुरक्षा की मांग करते हुए भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।
आश्रम संचालिका ने अपनी जान का खतरा बताते हुए शासन व प्रशासन से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा देकर खुफिया तौर पर निगरानी कर कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। धर्मनगरी शुक्रताल में साध्वी राजनंदेश्वरी अपने गुरु प्रकाशानंद के साथ भक्ति और योग की शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए दिव्य मंदिर और योग मेडिटेशन सेंटर का बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
हालांकि पिछले एक पखवाड़े से आश्रम के मुख्यद्वार पर बदमाशों द्वारा 80 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के धमकी भरे पत्र चस्पा किए गए हैं। शनिवार को आयोजित पंचायत में साध्वी ने बताया कि चस्पा किए गए पत्रों में बदमाशों ने लिखा है कि तीन गोली मारकर हत्या कर देंगे, नहीं तो प्रसाद के रूप में प्रथम किस्त में 10 लाख रुपये देने की बात लिखी गई है। स्वामी भजनानंद ने कहा कि भाजपा सरकार में साधु संतों पर हमला कर हत्या की धमकी देना, संत समाज के लिए शर्म की बात है। इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।
षढदर्शन साधु समाज के अध्यक्ष स्वामी वेद दास महाराज ने कहा कि धर्मनगरी में अराजक तत्वों का आना ही अपराध है, जिसके लिए पुलिस को विशेष अभियान चलाना होगा। साधु पर हमला संत समाज किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेगा। अध्यक्षता करते हुए महामंडलेश्वर गोपालाचार्य महाराज ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से परेशान होकर शुक्रताल से साधु संतों का पलायन होना प्रारंभ हो जाएगा। संतों के आक्रोश को देखते हुए भाजपा नेता डा. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि भाजपा सरकार साधु संतों की जानमाल की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है।
रंगदारी मागने वाले बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई कराई जाएगी। पंचायत में स्वामी प्रकाशानंद महाराज, स्वामी सूरदास महाराज, स्वामी सुशांत महाराज, मृत्युंजय महाराज, कोतवाल महाराज, मोनी बाबा, अमित राठी, विनोद चेयरमैन, अजय कृष्ण शास्त्री, राजीव चेयरमैन, देवेंद्र शर्मा, टीटू आदि मौजूद रहे। उधर, भोपा सीओ राजीव गौतम ने बताया कि आश्रम की सुरक्षा को लेकर दो पुलिसकर्मी को तैनात किया गया है। शीघ्र ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।