शिक्षिका के बेटे को आर्थिक सहायता का चेक सौंपते शिक्षक
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। टीचर्स सेल्फ केयर टीम ने दिवंगत शिक्षिका के परिवार को 18 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। टीम का कहना है कि धनराशि से शिक्षिका के परिवार का घर बनवाया जाएगा। किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
केयर टीम के सदस्य डॉ. फर्रूख हसन और जिला संयोजक भारत कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय सुजडू में कार्यरत शिक्षिका मेराज जिया की दिल का दौरा पड़ने के कारण मौत हो गई थी। इससे पहले उनके पति का भी इंतकाल हो चुका है, जिस कारण बच्चों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। केयर टीम के सदस्यों ने मेराज जिया के बड़े बेटे को शिक्षा विभाग में मृतक आश्रित कोटे से नौकरी दिलाने का कार्य किया। इसके अलावा प्रदेशभर के शिक्षकों ने 18 लाख रुपये एकत्र कर पीड़ित परिवार को दिए हैं। धनराशि का चेक सौंप दिया गया है। शिक्षकों ने 11 दिन में ही सौ-सौ रुपये एकत्र कर यह धनराशि उनके पुत्र के खाते में भेज दी है। फर्रूख हसन ने बताया कि शिक्षकों के परिवार की यह टीम मदद करती है। दुर्घटना के मामलों में भी शिक्षकों की मदद की गई है।