साइड लगने के विवाद में कार में जमकर तोड़फोड़
मोरना (मुजफ्फरनगर)। शुकतीर्थ में अस्थियां विसर्जन करने पहुंचे कुछ युवकों की कार में साइड लगने के विवाद में जमकर तोड़फोड़ कर दी गई। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए एक हमलावर को जबरन छुड़ा लिया। तीन अन्य आरोपियों को लेकर पुलिस थाने पहुंची, जहां पीड़ित कार सवारों ने उनके खिलाफ तहरीर दी है।
मुजफ्फरनगर के गऊशाला रोड नई मंडी निवासी शुभम ने तहरीर देकर बताया कि वह रविवार दोपहर अपनी दादी की अस्थियां विसर्जित करने अपने चार दोस्तों दीपक, मोहित, सुमित व रजत के साथ कार से शुकतीर्थ आया था। रास्ते में उनकी कार से सामने आती कार में साइड लग गई, जिससे उनका दूसरी कार सवार युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद कई युवकों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। कार सवार युवकों ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों को चिह्नित कर शुकतीर्थ निवासी चार युवकों को हिरासत में ले लिया। इससे आक्रोशित युवकों के परिजनों ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस टीम को ही दौड़ाते हुए एक युवक को जबरन छुड़ा लिया, जबकि तीन आरोपियों को लेकर पुलिस थाने पहुंच गई। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
शुकतीर्थ चौकी प्रभारी का कहना है कि दो पक्षों के बीच गाड़ी की साइड लगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें एक पक्ष की कार में तोड़फोड़ की गई है। तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।