गंगनहर में शव की तलाश करते गोताखोर।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर की रहमानिया कालोनी के भूरा की पैसों के लेनदेन में 13 दिन पूर्व हत्या कर शव को खतौली गंगनहर में फेंक दिया गया। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस के सामने कबूल भी किया कि अपनी पत्नी के साथ मिलकर भूरा की हत्या कर डाली। जिसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने शव तलाश करने के लिए खतौली में डेरा डाल कर शव की तलाश में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीन रोड स्थित रहमानिया कालोनी निवासी भूरा पुत्र जमील 29 जुलाई को बाइक से मोहल्ला सराफत कालोनी में परिचित से उधार के डेढ़ रुपये लेने के लिए आया था। वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने शहर कोतवाली में 31 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
कोतवाली पुलिस ने खतौली से सराफत कालोनी के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। युवक ने बताया था कि उसने अपने पत्नी के साथ मिलकर हत्या की और शव की गठरी बांधकर गंगनहर में फेंक दी। मृतक की बाइक को भी झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। सोमवार को भूरा की हत्या का पता चलने पर परिजनों सहित कालोनी के लोगों ने एसएसपी कार्यालय पर शव व बाइक की बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा किया था।
शहर कोतवाली पुलिस तीन दिनों से गंगनहर में गोताखोर लगाकर शव को तलाश करा रहे हैं। बुधवार को भी शहर कोतवाली व खतौली पुलिस ने मिलकर गंगनहर में शव को तलाश कराया। काफी तलाश करने के बावजूद भी अभी तक शव नहीं मिल सका है। अधिकारियों ने शव को तलाश करने के लिए गंगनहर को बंद करा दिया है। गंगनहर में धीरे-धीरे पानी कम होने लगा है।