बुधवार को रोडवेज का चक्का जाम नहीं होगा। लखनऊ में परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक और उप्र रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता सफल रही। जिसके बाद कर्मचारियों ने चक्का जाम का निर्णय वापस ले लिया है। मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि चक्का जाम नहीं होगा, यात्री परेशान न हो, बुधवार को रोजाना की भांति बसों का संचालन होगा।
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उप्र रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने 21 सितंबर को पूरे प्रदेश में रोडवेज का चक्का जाम की घोषणा की थी। इस आंदोलन को लेकर कर्मचारी बीते तीन दिनों से रणनीति बना रहे थे। मंगलवार को पूरे दिन कर्मचारी बैठक कर आंदोलन को सफल बनाने की रुपरेखा तैयार करते रहे। उधर, लखनऊ में विभागीय अधिकारियों और संगठन के पदाधिकारियों के बीच वार्ता का दौर जारी रहा, जो देर शाम तक सफल रही।
परिषद के संगठन मंत्री अनुज त्यागी ने बताया कि देर शाम को प्रबंध निदेशक सुधीर गर्ग और प्रांतीय महामंत्री गिरीशचंद मिश्रा आदि के बीच हुई वार्ता सफल रही। जिसमें प्रबंध निदेशक ने कर्मचारियों को छह प्रतिशत एरियर किस्त भुगतान कराने, 910 संविदा चालक व परिचालकों को नियमित करने की मांग मान ली। बाकी को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को चक्का जाम आंदोलन वापस ले लिया है।