सात और आठ अगस्त को छह केंद्रों पर होगी टीजीटी की परीक्षा
मुजफ्फरनगर। डीएम चंद्र भूषण सिंह ने सात और आठ अगस्त को होने वाली टीजीटी की परीक्षा के लिए तैयारियों की समीक्षा की। शहर में छह केंद्रों पर यह परीक्षा होगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज द्वारा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा (टीजीटी परीक्षा) को लेकर डीएम ने लोकवाणी सभागार में अफसरों की बैठक ली। कहा कि परीक्षा में किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी प्रकार की पाठ्य-सामग्री, कैलकुलेटर, डॉकुपेन, स्लाइड रूलर, लॉग टेबल तथा कैलकुलेटर की सुविधा वाली इलेक्ट्रानिक घड़ियां, मुद्रित अथवा लिखित सामग्री, कागज के टुकडे़, मोबाइल फोन, पेजर अथवा किसी भी प्रकार का उपकरण परीक्षा कक्ष में लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी। केंद्रों पर मास्क, थर्मल स्क्रीनिंग तथा सैनिटाइजर की व्यवस्था होगी। कोई भी परीक्षार्थी बिना मास्क के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेंगा। परीक्षा केंद्रो पर वीडियोग्राफी की जाएगी। परीक्षार्थियों को प्रथम पाली में सुबह 09.40 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अधिकतम दोपहर 02.40 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश दिया जा सकता है। कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थियों से ओएमआर शीट की प्रविष्टि सावधानीपूर्वक भरवाएंगे जिससे कि दूसरी ओएमआर शीट देने की स्थिति उत्पन्न न हो। पूरी परीक्षा के दौरान एसटीएफ सक्रिय रहेगी।
ये परीक्षार्थी होंगे शामिल
डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि सात अगस्त को प्रथम पाली में 2372 परीक्षार्थी, दूसरी पाली में 3109 परीक्षार्थी, आठ अगस्त को प्रथम पाली में 2323 परीक्षार्थी, दूसरी पाली में 1886 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली साढे़ नौ बजे से और दूसरी पाली दोपहर ढाई से बजे से शुरू होगी। डीएम ने सभी छह परीक्षा केंद्रों को दो सेक्टर में बांटकर सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है।