अपहरण व दुष्कर्म के मामले में दस साल कैद
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के एक गांव में युवती के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में 25 साल से फरार चल रहे अभियुक्त को विशेष पॉक्सो कोर्ट ने गिरफ्तारी के तीसरे दिन ही दस साल कैद व जुर्माने की सजा सुनाई है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के वर्ष 1989 में अपहरण व दुष्कर्म के मामले में गाजियाबाद के गांव पसौंडा निवासी जहीर हसन व चार अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन वर्ष 1995 में सभी आरोपियों को न्यायालय से दोषी करार दिए जाने के साथ ही जहीर हसन फरार हो गया था। थाना पुलिस उसके मकान की कुर्की भी कर चुकी थी।
शनिवार को पुलिस ने 25 साल से फरार चल रहे आरोपी जहीर हसन को गिरफ्तार कर लिया था। जिला शासकीय अधिवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि गिरफ्तारी के तीन दिन बाद ही एडीजीसी विशेष पॉक्सो कोर्ट संख्या-एक में न्यायाधीश आरती फौजदार ने अभियुक्त जहीर हसन को दस साल कैद के साथ ही 20 हजार रुपये जुर्माने की भी सजा सुनाई है।