मुजफ्फरनगर। रेल मंत्रालय ने त्योहारों पर यात्रियों को किराए में दस प्रतिशत की छूट का तोहफा दिया है। छूट का लाभ वापसी वाले टिकट पर होगा। यह लाभ 13 अक्तूबर से एक दिसंबर के बीच ही मिलेगा।
इस बार अक्तूबर में दशहरा, दीपावली पर्व और छठ महापर्व मनाए जाएंगे। इन त्योहारों पर हजारों लोग अपने घर पर त्योहार मनाने के लिए जाते हैं। जिस कारण ट्रेनों में भीड़ भी हो जाती है। इस बार रेल मंत्रालय ने दूर दराज अपने घर त्योहार मनाने जाने वाले लोगों के लिए किराए में छूट का तोहफा दिया है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि त्योहारों पर घर आने-जाने वाले यात्रियों को रेलवे ने किराए में दस प्रतिशत छूट का प्रावधान किया है। यह योजना 3 से 26 अक्तूबर जाने और 17 नवंबर से एक दिसंबर तक आने वाले यात्रियों के लिए लागू की गई है। लेकिन यह छूट केवल उन यात्रियों को मिलेगी, जो एक ही ट्रेन से आएंगे और जाएंगे। यदि टिकट रद्द हुआ तो पैसा वापस नहीं होगा।