कोरोना के दस मरीज मिलने से मचा हड़कंप
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। कस्बे में कोरोना संक्रमित दस मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। खबर जंगल की आग की तरह फैल गई। प्रशासन ने कस्बे की मास्टर कॉलोनी को भी हॉटस्पॉट जोन घोषित कर दिया। उपजिलाधिकारी कुुमार भूपेंद्र ने कहा कि क्वारंटीन परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर घूमता हुआ मिला तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी।
मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज में कस्बे के एक वृद्ध की कोरोना महामारी से मौत होने के बाद से कस्बे में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को आई रिपोर्ट के अनुसार कस्बे में कोरोना पॉजिटिव के दस केस मिले। कस्बे में कोरोना पॉजिटिव होने का ग्राफ तेजी से बढ़ने लगा है। दस केस कोरोना पॉजिटिव मिलने की सूचना कस्बे में जंगल की आग की तरह फैल गई। खबर की पुष्टि करने के लिए फोन खड़कने लगे। सूचना मिलते ही अधिशासी अधिकारी ओमगिरी नगर पंचायत कार्यालय की टीम के साथ संबंधित मौहल्ले में पहुंचे। सभी मोहल्लों को सैनिटाइज करवाया गया। कस्बे की मास्टर कॉलोनी को सेनिटाइज करने के बाद उसके आवागमन के रास्तों को सील कर दिया गया। उपजिलाधिकारी कुुमार भूपेंद्र ने मौहल्ले वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि होम क्वारंटीन किए गए परिवार का कोई सदस्य गली अथवा बाजार में घूमता हुआ मिला तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी।