दस कंपनी पीएसी, दो हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल की जीआईसी मैदान में होने वाली लोकतंत्र बचाओ रैली को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एहतियातन शहर के साथ ही जिले भर में चेक प्वाइंट्स बनाते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां लगाईं गईं हैं। शहर में भी रूट डायवर्जन सुबह से ही लागू कर दिया जाएगा, जिसमें ई-रिक्शाओं का परिचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि रालोद की रैली में करीब चार से पांच हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा कारणों से एहतियातन दस कंपनी पीएसी की मंगाई गई हैं, जिनमें से पांच को शहर क्षेत्र में और पांच कंपनियों के जवानों को देहात क्षेत्र में तैनात किया गया है। इसके साथ ही जनपद की रिजर्व फोर्स और दो हजार पुलिसकर्मियों को भी ऐहतियातन क्षेत्र में ड्यूटी पर लगाया गया है। एसएसपी ने बताया कि भीड़ की संभावनाओं को देखते हुए शहर क्षेत्र में सुबह नौ बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े। इस दौरान बृहस्पतिवार को शहर क्षेत्र में ई-रिक्शाओं का परिचालन भी पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
ये रहेगी रूट डायवर्जन की व्यवस्था
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर-देवबंद, रुड़की व हरिद्वार की ओर से आने वाले सभी वाहन हाईवे बाईपास से भोपा रोड होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। दिल्ली, गाजियाबाद व मेरठ की ओर से आने वाले वाहन भी हाईवे बाईपास से भोपा रोड होते हुए ही शहर में प्रवेश करेंगे। शामली, बुढ़ाना एवं चरथावल की ओर से आने वाले वाहनों को पीनना-वहलना बाईपास से होकर हाईवे भेजा जाएगा, जहां से वे भी भोपा रोड से होते हुए नगर में आएंगे। रोडवेज बस स्टैंड से होने वाला बसों का संचालन बृहस्पतिवार को शहर के भोपा रोड पुल से किया जाएगा। वाहनों के शहर से बाहर जाने के लिए भी इसी मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा।