गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाने लगी है। बढ़ती गर्मी से जिंदगी बेहाल हो गया है। रविवार को तापमान 41 के पार रहा। बढ़ती गर्मी के कारण पीलिया, टाइफाइड, डायरिया आदि संक्रामक बीमारियों की चपेट में काफी लोग आने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को अलर्ट किया है। लू के थपेड़ों से लोगों का हाल काफी बुरा है। चिलचिलाती धूप के कारण सड़क और बाजार सुनसान नजर आए।
गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन प्रतिदिन तापमान का प्रकोप बढ़ रहा है। गर्म हवाएं चलने से लोग बेहाल हो गए। दोपहर को चहलकदमी वाले क्षेत्र सुनसान रहा। कूलर, पंखों की हवाएं भी गर्म और लू जैसी लग रही है। बढ़ते पारे के बीच कई बीमारियां भी उत्पन्न हो जाती हैं। गर्मी के मौसम में लू, पीलिया, टाइफाइड, डायरिया, हैजा आदि बीमारी का प्रकोप भी बढ़ जाता है।
गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल प्रबंधतंत्र ने रोगियों के उपचार के लिए व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया है। दवाईयों की पर्याप्त मात्रा को परखने के साथ चिकित्सकों को भी सचेत किया गया है। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बताया कि गर्मी के मौसम में होने वाली लगभग सारी बीमारियों की जड़ खान-पान, पेयजल व साफ-सफाई से जुड़ी हुई है। इस मौसम में कुछ खास बातों का ध्यान रखने से बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
यह रहेगा फायदेमंद
-दिन में करीब 5 से 6 लीटर पानी पीएं
-पानी की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें
-धूप में निकलने से पहले पर्याप्त पानी पीएं
हल्का भोजन सेहत के लिए होगा फायदेमंद
-भोजन में सलाद व हरी पत्तेदार सब्जियों का ज्यादा प्रयोग
-गर्मी में हमेशा ताजा भोजन करें
-मौसमी फल और जूस का इस्तेमाल अधिक करें।