विशाल कश्यप की संपत्ति के रिसीवर बने तहसीलदार
मुजफ्फरनगर। जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे ने शांतिनगर निवासी विशाल कश्यप उर्फ कौशल पुत्र मांगेराम पर गैंगस्टर में कार्रवाई की है। उसके मकान आदि संपत्ति पर तहसीलदार सदर को रिसीवर नियुक्त किया गया है।
डीएम की ओर से जारी बयान के अनुसार विशाल कश्यप पर संगठित गिरोह बनाकर समाज विरोधी क्रियाकलापों से अर्जित धन से अपने एवं अपनी पत्नी रीना कश्यप के नाम पर आवासीय मकान बनाने का आरोप है। उसके परिवार के नाम अरिहंत विहार कूकड़ा थाना नईमंडी में 50.99 वर्गमीटर संपत्ति है। इसे प्रशासन ने कुर्क कर लिया है। विशाल. निवासी शांतिनगर भोपा रोड थाना नईमंडी एक शातिर किस्म का अपराधी है, तथा थाना नईमंडी पर हिस्ट्रीशीटर के रूप में हिस्ट्रीशीट संख्या-97ए पर सूचीबद्ध है। यह अवैध असलहों, वाहन चोरी एवं अवैध रूप से शराब तस्करी व अन्य अपराध आदि करने के का आरोपी है। इसके और इसकी पत्नी के नाम जो भी संपत्ति है इसको कुर्क करते हुए तहसीलदार सदर के रिसीवर तैनात किया गया है।