मुजफ्फरनगर के खतौली में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने तहसील में प्राइवेट स्कूलों में मनमानी तरीके से अभिभावकों से फीस वसूलने और कोर्स में कमीशनखोरी के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को एसडीएम प्रियंका निरंजन को एक ज्ञापन भी सौंपा।
एबीवीपी के छात्र बुधवार को एकत्र होकर तहसील में पहुंचे। इन छात्रों ने तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान विभाग संयोजक ठाकुर विनोद चौहान ने कहा कि प्राइवेट स्कूल संचालक मनमानी करते हुए कभी भी फीस में वृद्धि कर देते हैं।
सभी प्राइवेट स्कूल संचालक अपने स्कूलों के कोर्स और किताबों को अपने निजी केंद्र पर बिकवा रहे हैं। नगर मंत्री अमर छोकर और सिंधु मलिक ने कहा कि इस तरीके से छात्र-छात्राओं का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्रों ने स्कूलों की जांच पड़ताल कराने को एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। पंकज तिवारी, गौरव चौधरी, सौरभ भटनागर, विकास सैनी, कार्तिकेय, विवेक शर्मा, विनोद ठाकुर, शिवम आहूजा, नवीन त्यागी, अखिल त्यागी, राहुल कुमार आदि छात्र शामिल रहे।