खतौली। तहसील बार एसोसिएशन कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर मतदाता सूची चस्पा की गई। जिसमें 101 मतदाताओं के नाम शामिल हैं। कुछ अधिवक्ताओं ने जिला बार में वोट डालने के बाद तहसील बार की मतदाता सूची में नाम शामिल नामों का विरोध करते हुए आपत्ति जताई और कुछ जगह से चस्पा सूची को फाड़ दिया गया।
तहसील बार एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप कुमार एडवोकेट ने बताया कि चुनाव को लेकर मतदाता सूची चस्पा की गई है। किसी मतदाता के नाम पर कोई आपत्ति दर्ज होती है तो इसका निस्तारण बुधवार शाम चार बजे तक करा दिया जाएगा।
सोमवार को अधिवक्ता भवन में हुई आमसभा में एल्डर कमेटी का गठन किया गया था। जिसमें चतरपाल सिंह को अध्यक्ष तथा रामचंद्र सैनी, मोहम्मद अरशद को सदस्य बनाया गया था। कुछ मतदाताओं के नाम जिनकी जिला बार की मतदाता सूची में शामिल है। उनको तहसील बार की मतदाता सूची में शामिल करने पर अधिवक्ता आनंद उपाध्याय ने विरोध करते हुए चस्पा सूची को फाड़ दिया। तहसील बार के अध्यक्ष नवीन उपाध्याय ने बताया कि मतदाता सूची में शामिल पांच नामों पर आपत्ति दर्ज कराई गई है। जिनका निस्तारण किया जाएगा। आनंद उपाध्याय की ओर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई है। यदि कोई आपत्ति आती है तो उसका भी निस्तारण किया जाएगा। तहसील बार एसोसिएशन का चुनाव कार्यक्रम एल्डर कमेटी को घोषित करना है।