किशोरी से किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा
तितावी (मुजफ्फरनगर)। करीब पांच माह पूर्व क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के साथ खेत पर गई किशोरी के साथ एक युवक ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद से ही आरोपी किशोरी से जबरन संबंध बनाता आ रहा था। किशोरी के गर्भवती होने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद परिजनों ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 14 साल की बेटी के साथ करीब पांच माह पूर्व गांव के ही युवक ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया था, तभी से आरोपी लगातार किशोरी को धमकी देकर उससे संबंध बनाता आ रहा था। आरोपी के डर से किशोरी चुपचाप इस शोषण को सहती आ रही थी। जबरन किए जा रहे दुष्कर्म से किशोरी करीब चार माह की गर्भवती हो गई। मां ने पूछताछ की तो किशोरी ने सब कुछ बता दिया। किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी चीनू को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर गुरुबचन सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। किशोरी का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया जा रहा है।