सीएचसी में भर्ती बेसुध किशोर के पास बैठी उसकी मां
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। नन्हेड़ा कलां गांव के जंगल में बृहस्पतिवार को शौच करने गया किशोर मुश्कीपुर के जंगल से बेसुध हालत में मिला। जिसे परिजनों ने शुक्रवार की सुबह उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
नन्हेड़ा कलां निवासी मेहर सिंह के पुत्र अनुज को शुक्रवार की सुबह परिजन सरकारी चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। बेसुध हालत में पड़े अनुज की मां ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब 7 बजे उसका बेटा अनुज शौच करने के लिए जंगल में गया था। रात्रि 9 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन रात्रि साढ़े 11 बजे तक भी उसका कोई पता नहीं चला। जिसके डायल 100 पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। रात्रि करीब एक बजे मुश्कीपुर गांव में स्थित एक कोल्हू (गन्ना चर्खी) पर काम कर रहे मजदूरों को निकट जंगल में कुछ लोगों के बोलने की आवाज सुनाई पड़ी। जब मजदूरों ने शोर मचाया तो दो-तीन लोग बच्चे को छोड़कर भाग खड़े हुए। कोल्हू मजदूरों ने बेसुध किशोर को उठाया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस किशोर को कोतवाली ले आई। वहीं जानकारी मिलते ही किशोर के परिजन भी थाने पहुंच गए। परिजनों ने किशोर की पहचान अनुज के रूप में की। जिसके बाद पुलिस ने अनुज को उन्हें सौंप दिया। वहीं, सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डा. इंद्राज सिंह ने बताया कि संभवत: बालक को नशीली डोज दी गई। जिस कारण वह बेहोश है, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर है।