संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भारतीय अंतरिक्ष अकादमी ने युवाओं और शिक्षकों को अंतरिक्ष, ड्रोन और अनुसंधान से जोड़ने के लिए नई पहल की है। अकादमी की ओर से महाविद्यालय स्तर पर खगोल विज्ञान फोटोग्राफी ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन 23 मार्च को किया जाएगा। महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं वेबसाइट पर पंजीकरण के जरिए कार्यशाला में शामिल हो सकेंगे। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को निर्देश जारी कर नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कहा है।
डीएवी प्राचार्या डॉ. गरिमा जैन ने बताया कि छात्रों और शिक्षकों के बीच अंतरिक्ष शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए भारत अंतरिक्ष अकादमी द्वारा खगोल विज्ञान फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन 23 मार्च को किया जा रहा है। कार्यशाला का प्राथमिक उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को रात्रि आकाश, फोटोग्राफी के विज्ञान, रात्रि आकाश की वस्तुओं की तस्वीरें लेने की तकनीक, खगोल फोटोग्राफी के विभिन्न उपकरण और भविष्य की संभावनाओं के बारे में शिक्षित करना है। इसमें छात्र, शिक्षक और शोधकर्ताओं को शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि अन्तरिक्ष अकादमी नई दिल्ली द्वारा दिए गए लिंक https://workshop.indiaspaceweek.org/ workshop on astrophotography/ 22 मार्च दोपहर 12:00 बजे तक पंजीकरण हो सकेगा।