प्रसवार्ता में आरोपी से बरामद हथियार देखते एसपी सिटी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल में तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़
मुजफ्फरनगर। चरथावल पुलिस ने खुसरोपुर रोड स्थित बंद पड़े ईंट-भट्ठे में चलाई जा रही तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा फरार हो गया। मौके से बड़ी संख्या में बने-अधबने तमंचे-मस्कट व उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में रविवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने बताया कि चरथावल पुलिस ने शनिवार देर रात सीओ सदर कुलदीप सिंह व एसओ सूबे सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के खुसरोपुर मार्ग स्थित बंद पड़े ईंट-भट्ठे पर छापा मारा। एसपी सिटी ने बताया कि मौके पर बंद भट्ठे में तमंचा फैक्टरी चलती मिली, जहां से मुठभेड़ में जहांगीर पुत्र जमशेद निवासी गांव कुल्हेड़ी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि सररू उर्फ सरफराज फरार हो गया। मौके से चार मस्कट, सात तमंचे, कारतूस, दस अधबने तमंचे, 25 नाल के साथ ही तमंचे बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए। आरोपी पिछले कुछ समय से अवैध फैक्टरी में तमंचे बनाकर देहात क्षेत्र में सप्लाई कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपी का चालान करते हुए फरार आरोपी की भी तलाश की जा रही है।