मुजफ्फरनगर। डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि शिविर लगाएं जाने के लिए अनुमति लेना अनिवार्य होगा। शहर में सिटी मजिस्ट्रेट और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उप जिला अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। शिविर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखें।
डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा ने कांवड़ शिविरों संचालकों के साथ जिला पंचायत सभागार में बैठक की। डीएम ने कहा कि शिविरों में सीसीटीवी कैमरा, पेयजल, टॉयलेट, साफ सफाई, फायर सेफ्टी की व्यवस्था की जाए।
विद्युत वायर खुले में न हो, हर हाल में कवर किया जाना चाहिए। प्लास्टिक के ग्लास, पत्तल का प्रयोग न किया जाए। यदि कहीं पर किसी प्रकार की कोई दिक्कत होती है, तो उच्च अधिकारियों को अवश्य अवगत कराया जाए। सड़कों में जहां-जहां पर भी गड्ढे भरने से छूट गए हैं, उनको तत्काल ठीक कराया जाए।
एसएसपी ने कहा कि यात्रा में पुलिस की व्यवस्था की गई है। किसी प्रकार कोई अफवाह सोशल मीडिया पर आती है तो उस पर ध्यान ना दें। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को जरूर दें।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत, एसपी देहात आदित्य बंसल मौजूद रहे।