मुजफ्फरनगर। महाविद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया को चलते हुए लगभग दो माह का समय हो गया है। स्नातक और परास्नातक के पाठ्यक्रमों में खाली सीटों पर प्रवेश के लिए 16 सितंबर तक का समय दिया गया है। अभ्यर्थियों को 12 सितंबर तक पंजीकरण कराने के बाद चार दिन का समय दाखिला प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए दिया गया है।
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की ओर से सभी महाविद्यालयों को जारी निर्देश के अनुसार स्नातक और परास्नातक के सभी पाठ्यक्रमों समेत बीपीईएस, बीएससी, एलएलएम, एमपीएड और एमएड पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की तिथि 10 सितंबर से बढ़ाकर 12 सितंबर कर दी गई है।
प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर अपना प्रवेश पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण फार्म फोटो प्रति और प्रमाणपत्र कॉलेज में 13 सितंबर तक जमा कराने होंगे। सनातन धर्म महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार पुंडीर ने बताया कि यह अंतिम अवसर है। इसके बाद किसी भी दशा में पंजीकरण नहीं खोले जाएगें। अभ्यर्थी रिक्त सीटों के सापेक्ष 16 सितंबर तक अपने दाखिले की प्रक्रिया को पूरा करें।