मौलाना गुलाब नबी कश्मीरी के जीवन पर आधारित पुस्तक का विमोचन करते उलमा।
- फोटो : DEVBAND
‘तजकरा हजरत मौलाना गुलाम नबी कश्मीरी’ का विमोचन
देवबंद (सहारनपुर)। इस्लामी तालीम के दूसरे बड़े इदारे दारुल उलूम वक्फ में आयोजित हुए कार्यक्रम में संस्था के उस्ताद स्व. मौलाना गुलाम नबी कश्मीरी के जीवन पर आधारित पुस्तक तजकरा हजरत मौलाना गुलाम नबी कश्मीरी का विमोचन किया गया।
बुधवार को हुए कार्यक्रम संस्था के मोहतमिम मौलाना सुफियान कासमी ने कहा कि स्व. मौलाना गुलाम नबी कश्मीरी शानदार शिक्षक होने के साथ ही बेहतरीन लेखक और जबरदस्त इल्मी शख्सियत थे। इतना ही नहीं उन्हें अंग्रेजी भाषा में भी महारत हासिल थी। उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका दुनिया से रुखसत होना संस्था ही नहीं बल्कि इल्मी जगत के लिए भी बड़ा नुकसान है। जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। मौलाना सुफियान ने पुस्तक के लेखक मौलाना सिकंदर व मौलाना शमशाद रहमानी को बधाई दी। संस्था के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना नसीम अख्तर शाह कैसर ने कहा कि मौलाना गुलाम नबी ने अपनी पूरी जिंदगी सादगी से गुजारी और दीन इस्लाम की खिदमत की। जिसके लिए उनको हमेशा याद रखा जाएगा। मौलाना शकेब कासमी ने भी विचार रखे। इस मौके पर मुफ्ती अमानत अली, मुफ्ती अहसान कासमी, मौलाना नौशाद नूरी, मो. अजहरुल हक आदि मौजूद रहे।