संवाद न्यूज एजेंसी
- साथियों के साथ फेरी करने गया था गोरखपुर, घटना से परिवार में मचा कोहरा
भोपा। गोरखपुर क्षेत्र में कपड़े की फेरी करने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव के गांव में पहुंचने पर परिजनों व ग्रामीणों ने साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों को समझा-बुझा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग निवासी 32 वर्षीय सतेन्द्र छह दिसम्बर को गांव के ही इरशाद आदि कुछ साथियों के साथ गोरखपुर गया था। सभी साथी बड़हलगंज थाना क्षेत्र के दोहरीघाट में रुके हुए थे। वहीं से प्रतिदिन सभी साथी अलग-अलग क्षेत्र में कपड़े की फेरी करने निकलते थे। शनिवार शाम तक सभी साथी फेरी कर वापस लौट गए थे, लेकिन सतेन्द्र नहीं लौटा। साथियों के अनुसार, उनके पास अस्पताल से फोन आया कि सतेन्द्र की हालत चिंताजनक है, जो क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में भर्ती है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जैसे ही रविवार को सतेन्द्र का शव गांव में पहुंचा तो शोक छा गया। परिजनों का आरोप है कि साथ ले जाने वाले युवक पर मृतक के 72 हजार रुपये थे। जब उसने पैसे मांगे तो उसे यह कहकर अपने साथ ले गया था कि वहीं चलकर पैसे दे दूंगा। इसी के चलते सतेन्द्र की हत्या की गई है। परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के छोटे भाई प्रदीप ने गांव के तीन उन युवकों के विरुद्ध तहरीर दी है, जो उसके भाई को अपने साथ गोरखपुर ले गए थे। मृतक के परिवार में पत्नी रेशो, तीन बेटी जिया, रिया, अंशिका के साथ ही मां कश्मीरी, भाई सुरेंद्र, चमन, जितेंद्र, धर्मेंद्र, प्रदीप है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि घटना गोरखपुर से संबंधित है। इसके बावजूद मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मौत का कारण जानने के लिए शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।