जानसठ। तहसील में एसडीएम कार्यालय के सामने भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पूर्ति निरीक्षक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आपूर्ति कार्यालय की तालाबंदी की। उन्होंने तहसील में आवारा पशु भी घुसाए।
किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष जोगिंदर पहलवान ने कहा पूर्ति इंस्पेक्टर जानसठ की मिलीभगत से क्षेत्र के सभी डीलर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। गांव मंतोड़ी, नयागांव फैजाबाद व दाहखेड़ी में राशन डीलरों के द्वारा घोटाला करने का मामला सामने आया है। जिसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने आपूर्ति कार्यालय की तालाबंदी कर दी।
इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन के ब्लाक अध्यक्ष जोगेंदर सिंह के नेतृत्व में जानसठ तहसील मुख्यालय पर किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमे तत्काल प्रभाव से वापस किए जाने सहित कई मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम जानसठ के नाम तहसीलदार को सौंपा। मौके पर जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, मास्टर महकार सिंह गुर्जर, चंचल चौधरी, बिट्टू ठाकुर, चौधरी धर्मवीर, मुस्तकीम, सेंसर पाल मौजूद रहे।
तहसील में दिया धरना देकर मनाया विश्वास घात दिवस
खतौली। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश वर्मा और युवा जिलाध्यक्ष कपिल सोम के नेतृत्व में किसानों ने तहसील परिसर में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल के नाम लिखे ज्ञापन को नायाब तहसीलदार अर्जुन सिंह को सौंपा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि भाकियू ने सोमवार को विश्वासघात दिवस मनाया है। मौके पर योगेश शर्मा, कपिल सोम, चांदवीर, प्रमोद अहलावत, मनोज सहरावत, सतेंद्र चैधरी, राहुल अहलावत, विदेश मोतला मौजूद रहे। संवाद