खतौली में सफेदा रोड बाइपास पर रेलवे फाटक के हाईट गेज में गन्नों से भरा ट्र क फंसा।
- फोटो : KHATAULI
खतौली। रेलवे फाटक के हाईट गेज में गन्ने से भरा ट्रक फंस गया। इसे लेकर रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। मिल के सुरक्षाकर्मी भी बाइक पर बैठकर मौके की ओर दौड़ पड़े। मिल के सुरक्षाकर्मियों ने ट्रैक्टरों से बांधकर बामुश्किल एक घंटे के बाद गन्ने से भरे ट्रक को निकाला।
इस मार्ग से बुढ़ाना रोड पर स्थित गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ने से भरे ट्रक शुगर मिल में जाते हैं। रेलवे विभाग की ओर से ओवरलोडिंग वाहनों को रोकने के लिए फाटक के दोनों ओर हाईट गेज लगाए हुए हैं। रविवार दोपहर बाद जीटी रोड से होते हुए सफेदा बाइपास मार्ग से गन्नों से भरा एक ट्रक शुगर मिल में जा रहा था जो रेलवे फाटक के हाईट गेज में फंस गया। इससे रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। ट्रक चालक ने इसकी जानकारी शुगर मिल के अधिकारियों को भी दी। अधिकारियों ने तुरंत मौके पर मिल के सुरक्षाकर्मियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मिल के सुरक्षाकर्मी बाइकों पर बैठकर मौके पर पहुंचे और एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टरों से बांधकर ट्रक को निकाला। हालांकि इस समय रेलवे लाइन पर किसी भी ट्रेन के आने का समय नहीं था अन्यथा रेलवे के फाटक भी नहीं लग पाते।