तितावी में खड़ा ट्रक, जिससे दंपती के साथ हादसा हुआ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
तितावी (मुजफ्फरनगर)। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गांव धौलरी बस स्टैंड के पास गन्ना लदे ट्रक ने सामने से आते बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। ट्रक के नीचे कुचले जाने से विवाहिता के दोनों पैर कटकर अलग हो गए, जबकि पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
गाजियाबाद के लोनी निवासी शाकिर का निकाह कुछ समय पूर्व तितावी क्षेत्र के गांव जसोई निवासी हिना से हुआ था। दो दिन पूर्व शाकिर पत्नी हिना को लेकर बाइक पर उसके मायके आया था। शुक्रवार सुबह दोनों जसोई से बाइक पर लोनी जा रहे थे। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर जैसे ही दोनों गांव धौलरी स्टेंड के पास पहुंचे, सामने से आते गन्ना लदे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरी हिना के दोनों पैर ट्रक के पहिये से कुचलकर पूरी तरह कटकर अलग हो गए, जबकि शाकिर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने तितावी में पकड़ते हुए चालक बाबरी के गांव खानपुर निवासी उवेश को हिरासत में लेते हुए ट्रक भी जब्त कर लिया। हादसे में घायल दंपती को जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत के चलते मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है।