भैसाना चीनी मिलों ने किसानों को बाजार रेट से महंगी चीनी दे डाली, जबकि व्यापारियों को यही चीनी सस्ती में दी गई है। यह मामला पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने शुक्रवार को डीएम डीके सिंह के समक्ष उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। डीएम ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
डीएम को दिए ज्ञापन में योगराज सिंह ने कहा कि भैसाना चीनी मिल पर रालोद ने पांच दिन तक धरना दिया था। चीनी मिल में 35 करोड़ तत्काल और ढाई करोड़ प्रतिदिन के भुगतान की बात कही थी।
प्रशासनिक अधिकारियों के इसी आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ था। अभी तक वायदे के अनुसार भुगतान नहीं हुुआ है। भैसाना चीनी मिल धन के बजाय चीनी दे रहा है। चीनी के लेनदेन में भी किसानों के साथ धोखा किया जा रहा है । व्यापारी को सस्ती चीनी दी जा रही है और किसान को व्यापारी से 150 रुपये प्रति कुंतल महंगी चीनी दी जा रही है।
इसकी सूचना आरटीआई के माध्यम से प्राप्त हुई है। डीएम से मांग की गई है कि किसानों को अविलंब गन्ने का भुगतान दिलाया जाए। किसानों को चीनी देने में जो घोटाला किया गया है, उसकी उच्च स्तरीय जांच की जाए। मिल की ओर से जो गड़बड़ी की गई है, उस अंतर मूल्य का भुगतान किसानों को किया जाए।