मुजफ्फरनगर। द दून वैली पब्लिक स्कूल में आयोजित गणित मेले में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने उल्टी गिनती, उल्टे पहाड़े, गणित विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लिया।
मेले में श्रीनिवास रामानुजन के जीवन पर विचार, गणित से संबंधित मॉडल जिनमें घर पर प्रयोग होने वाली वस्तुओं जिनकी आकृति गणित से संबंधित थी, उन वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई। माप तौल आदि विषयों से संबंधित इस मेले में प्रतियोगिताएं रखी गईं। इस गणित मेले में विद्यालय के अध्यापकों ने छात्रों को गणित से संबंधित बहुत सारी जानकारी दी। समझाया कि बच्चे खेल ही खेल में किस प्रकार गणित विषय की बारीकियों को आसानी से समझ सकते हैं।
अध्यापक गुरप्रीत सिंह व धीरज गोयल ने छात्रों के मन से गणित के डर को भगाने के लिए उन्हें विभिन्न तरह की गणित संबंधी छोटी-छोटी विधियों की जानकारी दी। छात्रों को गणित विषय में काफी मदद मिलेगी। विद्यालय की ब्रांच हेड जसबीर कौर ने बताया कि विद्यालय में गणित मेले का आयोजन करवाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि आज के समय में विद्यार्थी जो गणित विषय से दूर भागते हैं, वे खेल-खेल में इस विषय को सीख सकें। प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने छात्रों की मेहनत की प्रशंसा की।