जानसठ तहसील में प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : KHATAULI
जानसठ। बीआईटी कालेज के छात्रों ने कोरोना महामारी के चलते फीस जमा नहीं होने पर कालेज प्रशासन द्वारा छात्रों को परीक्षा से वंचित रखने के विरोध में प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा दिलवाने की मांग की।
शुक्रवार को मीरापुर क्षेत्र के बीआईटी कालेज के 24 छात्रों ने बहुजन सम्यक संगठन के कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने एसडीएम अमृतपाल कौर को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि उनकी छह माह की फीस बकाया है। कोरोना वायरस के चलते घर की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण फीस जमा करने में फिलहाल असमर्थ हैं। कालेज प्रशासन उन्हें छह दिन बाद शुरू होने वाली परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र नहीं दे रहा है और अगले साल फीस जमा कर परीक्षा देने की बात कह रहा है, जिससे उनका एक वर्ष खराब हो जाएगा। उन्होंने एसडीएम से कालेज प्रशासन से प्रवेश पत्र दिलाने की मांग व परीक्षा दिलाए जाने की मांग की। एसडीएम ने कालेज प्रशासन से शीघ्र बात कर उनकी समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में मो. इमरान, मो. शाहरुख, शाकिर अहमद, मो.फरीदी, साकिब, फुरकान, विपिन, अजाम आदि छात्र शामिल रहे।