छपार। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में बी-टेक की छात्रा अलीना (19) की मौत हो गई। वहीं उसका चचेरा भाई शाह आलम गंभीर रूप से घायल हो गया।
अलीना अपने चचेरे भाई शाह आलम के साथ मंगलवार सुबह करीब नौ बजे मुजफ्फरनगर के श्रीराम कॉलेज जा रही थी। बढेड़ी चौराहे के निकट पीछे से आई एक तेज रफ्तार बस ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने वहां अलीना को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया और वे अस्पताल पहुंचे। घायल शाह आलम का जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
गांव बरला निवासी अलीना सरताज की पुत्री थी और पांच बहनों में सबसे बड़ी थी। वह श्रीराम कॉलेज में बी-टेक प्रथम वर्ष की छात्रा थी। अलीना की मां शमशीदा ने अपनी बेटी का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को लिखित में जानकारी दी है। सीओ सुनील कुमार ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।