पुलिस के अनुसार क्षेत्र मंसूरपुर के ग्राम खुब्बापुर स्थित स्कूल में अध्यापिका द्वारा बच्चे को स्कूल का कार्य न करने को लेकर कक्षा के अन्य छात्रों से पिटाई कराने के प्रकरण में पीड़ित छात्र की पहचान उजागर करने के संबंध में ALT NEWS के सह संस्थापक/पत्रकार मोहम्मद जुबैर के खिलाफ थाना मंसूरपुर पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवई की जा रही है।
शिक्षिका मान चुकी अपनी गलती
आरोपी शिक्षिका तृप्ति त्यागी प्रकरण में अपनी गलती स्वीकार कर चुकी है। शिक्षिका ने कहा कि छात्र की इस तरह बच्चों से पिटाई कराना गलत है। लेकिन मेरी मंशा गलत नहीं थी।
किसी दूसरे स्कूल में पढ़ेगा बच्चा
बाल कल्याण समिति के चेयरमैन डॉ. राजीव कुमार का कहना है कि बच्चा किसी दूसरे स्कूल में पढ़ाया जाएगा। परिजन नाम कटवा चुके हैं।
शाहपुर से नई जिंदगी शुरू करेगा पीड़ित छात्र, शिक्षा के लिए आगे आई जमीयत
मंसूरपुर के खुब्बापुर गांव का पीड़ित छात्र अब भविष्य की पढ़ाई शाहपुर के एक निजी स्कूल से करेगा। सोमवार को बच्चे के प्रवेश को लेकर जरूरी प्रक्रिया अपनाई गई। पीड़ित के पिता इरशाद ने बताया कि फिलहाल बच्चा ठीक है, उसकी पढ़ाई को लेकर नई शुरूआत कर रहे हैं। जमीयत के पदाधिकारियों का सहयेाग रहा है।