स्टील फैक्टरी पर 1.31 लाख का जुर्माना
मुजफ्फरनगर। डीएम को हुई शिकायत के बाद जांच के दौरान एक स्टील फैक्टरी में वायु प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था नहीं मिली। जिस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने फैक्टरी पर 1.31 रुपये का जुर्माना लगाकर रिपोर्ट लखनऊ उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुख्य पर्यावरण अधिकारी वित्त को भेजी है।
डीएम को शिकायत मिली थी कि मेरठ रोड पर जदौड़ा में स्थित एमएसए स्टील एंड एलायेज प्राईवेट लिमिटेड प्लांट से वायु प्रदूषण हो रहा है। डीएम के आदेश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसरों ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की, तो पाया फैक्टरी में वायु प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था नहीं थी। अफसरों की रिपोर्ट पर क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी अंकित सिंह ने फैक्टरी पर एक लाख 31 हजार 250 रुपये का जुर्माना किया है। उन्होंने बताया कि जब तक वायु प्रदूषण नियंत्रण का इंतजाम नहीं किया जाएगा, तब तक रोजाना 6250 रुपये के हिसाब से जुर्माना लगता रहेगा। फैक्टरी संचालक को नोटिस जारी कर दिया गया है। जल्द सुधार नहीं हुआ तो स्टील फैक्टरी को बंद कर दिया जाएगा।