9-खतौली के गांव अंतवाड़ा में नागिन नदी के उदगम स्थल का निरीक्षण करते भाजपा का प्रतिनिधिमंडल।
- फोटो : KHATAULI
प्रदेश सरकार को नागिन नदी के बारे में दी जाएगी जानकारी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव अंतवाड़ा में फिर से नागिन नदी पुनर्जीवित हो गई है। उद्गम स्थल पर खोदाई के बाद स्वच्छ जल की धारा धीरे धीरे बहने लगी है। रविवार को अंतवाड़ा में नागिन नदी के उद्गम स्थान का भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निरीक्षण किया और जानकारियां उपलब्ध की। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के उप्र नमामि गंगे के प्रदेश सह संयोजक डा. वीरपाल निर्वाल, राजवीर एडवोकेट, विजय राठी, सत्यवीर सहरावत, रविंद्र चौधरी, अश्वनी आदि रहे। डा. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि नागिन नदी के उद्गम की जानकारी प्रदेश सरकार को दी जाएगी।
बता दें कि 21 नवंबर को नीर फाउंडेशन की ओर से उद्गम स्थल पर श्रमदान एवं पौधरोपण में ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान श्रमदान-पौधारोपण के नाम से गोष्ठी का भी आयोजन किया गया था। इस दौरान नीर फाउंडेशन के निदेशक रमन कांत त्यागी ने बताया था कि नागिन नदी उद्गम पुनर्जीवन की योजना पर पिछले एक वर्ष से कार्य किया जा रहा था। कार्य करते हुए माह सितंबर में कार्य जमीनी स्तर पर प्रारंभ किया गया। नदी की करीब 145 बीघा भूमि को प्रशासन की मदद से कब्जामुक्त कराकर हदबंदी कर नदी के मुख्य धारा की सफाई तथा रिचार्जिंग पिट व तालाब बनाने का कार्य भी किया गया। अब नदी उद्गम में पानी आ गया है और यहां पर नदी जीवित के संकेत मिले हैं। नदी के दोनों ओर पौधरोपण भी किया गया।