देवबंद-रुड़की रेललाइन का कार्य शुरू कराया
देवबंद। भारत सरकार की परियोजना देवबंद-रुड़की नई रेलवे लाइन के अवरुद्ध कार्य को बुधवार को पुलिस प्रशासनिक व रेलवे अधिकारियों ने भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में दोबारा शुरू कराया है। इस दौरान रेलवे को भूमि पर कब्जा भी दिलाया गया।
बुधवार को एसडीएम राकेश कुमार सिंह, सीओ रजनीश उपाध्याय पुलिस टीम व रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ रेलवे लाइन के बंद पड़े कार्य को दोबारा शुरू कराने के लिए पहुंचे। एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि देवबंद रुड़की न्यू रेलवे लाइन के अंतर्गत बन्हेड़ा खास, न्यामतपुर, माजरी, साल्हापुर व दिवालहेड़ी में उक्त परियोजना के अवरुद्ध कार्य को पुन: आरंभ कराया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान भूमि का सीमांकन कराने के उपरांत सीमा स्तंभ सत्यापन का कार्य करते हुए पुलिस फोर्स की मौजूदगी में रेलवे विभाग को कब्जा दिलाया गया। इस दौरान रेलवे विभाग के अधिशासी अभियंता सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।