खेलो इंडिया में स्पोर्ट्स शिक्षकों की कार्यशाला
मुजफ्फरनगर। सीबीएसई ने खेलो इंडिया अभियान के तहत एसडी पब्लिक स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर्स की कार्यशाला का आयोजन किया। विभिन्न स्कूलों के 42 शिक्षक वर्कशॉप में शामिल हुए।
वर्कशॉप का शुभारंभ प्रधानाचार्या चंचल सक्सेना एवं रिसोर्स पर्सन नीरज सिंह, पर्यवेक्षक आदर्श निगम ने किया। रिसोर्स पर्सन नीरज सिंह ने खेलो इंडिया फिटनेस प्रोग्राम अभियान के लक्ष्य के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया भारतीय खेल प्राधिकरण के द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसका लक्ष्य छात्रों को प्रारंभिक अवस्था से ही प्रशिक्षित करके युवा एथलीटों के रूप में भविष्य के लिए तैयार करना है। सीबीएसई अभियान को सफल बनाने के लिए ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स कार्यक्रम चला रही है। इसमें खेल प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। एसडी पब्लिक स्कूल में 42 शिक्षकों को खेल की बारीकियों एवं विशेष तकनीक के बारे में बताया गया। बैलेंस एवं स्ट्रेंथ के आधार पर छात्रों की परख एवं उन्हें भावी उच्च स्तरीय खिलाड़ी के रूप में तराशना कार्यशाला का उद्देश्य रहा। प्रधानाचार्या चंचल सक्सेना ने अतिथियों का आभार जताया। संचालन रेखा तोमर ने किया। आरपी सिंह, अनिल वार्ष्णेय, हरेंद्र आदि का सहयोग रहा।