मशाल जूलूस निकालते बाल्मीकी समाज के लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। हाथरस में दरिंदगी की शिकार बिटिया की मौत के बाद जनपद में भी घटना को लेकर आक्रोश फूट पड़ा। सपा नेताओं के साथ ही वाल्मीकि समाज ने भी शहर की सड़कों पर मशाल जुलूस निकाला और घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ फांसी की मांग की।
सूबे के जनपद हाथरस में करीब एक पखवाड़े पूर्व रंजिश के चलते नाबालिग लड़की को अगवा कर कुछ लोगों ने उसके साथ दरिंदगी की थी। मंगलवार सुबह बिटिया की उपचार के दौरान मौत हुई तो देशभर के साथ ही जनपद में भी नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने घटना का विरोध करते हुए बिटिया के साथ यह वारदात करने वाले आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग की। मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शहर में मशाल जुलूस निकालकर बिटिया के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की। सपा नेता व कार्यकर्ता तुलसी पार्क में सांकेतिक धरने पर भी बैठे। उधर, वाल्मीकि समाज के युवाओं ने भी कुल्लन देवी के नेतृत्व में आबकारी मोहल्ले से हनुमान चौक होते हुए भगतसिंह रोड से शिवचौक तक मशाल जुलूस निकाला।